The Post of Mozaffar Haque on FB, 26 December 2022
ग़ालिब – रंग और संग के आईने में
#अब्दुर_रहमान_चुगताई का जन्म 21 सितंबर, 1897 को लाहौर में हुआ था। उनके पूर्वज, अहमद चुग़ताई, एक प्रतिष्ठित कलाकार और मुग़ल बादशाह शाहजहाँ के दरबार में मुख्य वास्तुकार भी रहे थे।
1911 से 1913 तक मेयो स्कूल ऑफ आर्ट, लाहौर में पढ़ाई की थी, फिर वोह बंगाल के एक कलाकार समरेंद्रनाथ गुप्ता के ख़ास शिष्य भी थे। इसलिए, उनके आर्ट में, आप बंगाल के कलाकारों द्वारा इस्तेमाल की जाने वाली तकनीकों और फ़ारसी लघु शैली (जो कि उनके ख़ानदान की विरासत ही है ) को देखते हैं।
शुरू के दिनों में, चुग़ताई ने स्वतंत्र रूप से हिंदू पौराणिक कथाओं को चित्रित भी किया है।
चुग़ताई उपमहाद्वीप के सबसे कुशल प्रिंटमेकर्स में से एक थे, जिन्होंने 1932 और 1936 में यूरोप की अपनी दो यात्राओं के दौरान लंदन में इस कला का अध्ययन किया था। अपनी कई किताबों में उन्होंने मिर्ज़ा ग़ालिब की शायरी का चित्रण किया है।
#मिर्ज़ा_ग़ालिब ने 1841 में पहली बार अपने उर्दू दीवान को छपवाया था। फिर 1928 में चुग़ताई ने दीवान ए ग़ालिब छपवाया जिस में चुग़ताई की 30 पेंटिंग्स शामिल हैं, इसका foreword #अल्लामा_इक़बाल ने लिखा था यह मिर्ज़ा ग़ालिब की उर्दू शायरी का शायद पहला एक सचित्र संस्करण है।
यहाँ उनके आर्ट प्रिंट की दो फ़ोटोज़ शामिल हैं जिन पर निम्न शेर लिखे हैं। ग़ालिब की फ़ोटो भी चुग़ताई की ही बनाई हुई है।
रौ में है रख़्श-ए-उम्र कहाँ देखिए थमे
ने हाथ बाग पर है न पा है रिकाब में ।
बुलबुल के कारोबार पे हैं ख़ंदा-हा-ए-गुल
कहते हैं जिस को इश्क़ ख़लल है दिमाग़ का
……………..
#सादिक़ैन का जन्म 30 जून 1930 को अमरोहा में ख़त्तात (calligraphers) के परिवार में हुआ था। और उनकी प्रतिभा का पोषण 1940 के दशक की शुरुआत में हुआ जब वे ऑल इंडिया रेडियो में अपने भाई के साथ जुड़ गए और एक calligrapher के रूप में काम किया। 1948 में आगरा विश्वविद्यालय से स्नातक होने और पाकिस्तान जाने के बाद, उन्होंने अपने कलात्मक अभ्यास के लिए ख़ुद को सख़्ती से प्रतिबद्ध करने से पहले एक कॉलेज शिक्षक और रेडियो पाकिस्तान में कुछ समय के लिए काम किया। सदेकैन एक अच्छे शायर भी थे और उन्होंने अपने शुरुआती वर्षों में रुबाइयां लिखना शुरू कर दिया था, बाद में, उन्होंने अपनी कविताओं का चित्रण किया और किताब की शक्ल में प्रकाशित भी किया।
ऐसा लगता है जैसे ब्रश, क़लम, पेंट और कैनवस के साथ उनका एक दिव्य संबंध था – केवल इसलिए नहीं कि कुछ पाठ कुरानिक थे, बल्कि उनकी शायरी और उनके letters से भी उनकी शख़्सियत का यह पहलू उजागर होता है।
�सादिक़ैन के बनाये हुए murals जो #AMU, #BHU, #Indian _Institute_of_Geological_Sciences, #Middle_East, #France aur न जाने दुनिया भर में कहाँ कहाँ फैले हुए हैं जो अपनी दास्ताँ ख़ुद ब्यान करते हैं।
�1960 के दशक में फ्रांसीसी सरकार द्वारा फ्रांसीसी लेखक #Albert_Camu के novel #L’Etranger को चित्रित करने के लिए सादिक़ैन को आमंत्रित किया गया था।
सादिक़ैन ने ग़ालिब, इक़बाल और फै़ज़ के न जाने कितने शेरों को कैन्वस पर पेंट कर के इन महान कलाकारों को श्रद्धांजलि दी है। दीवान ए ग़ालिब का एक नुस्ख़ा सादिक़ैन ने भी तरतीब दिया था जिसमें ग़ालिब के अश’आर पर आधारित तक़रीबन 50 पैंटिंग्स सादिक़ैन की थीं । उनमें दो तस्वीरें नीचे शेयर की गई हैं।
हम ने माना कि तग़ाफ़ुल न करोगे लेकिन
ख़ाक हो जाएँगे हम तुम को ख़बर होने तक
शोरीदगी के हाथ से है सर वबाल-ए-दोश
सहरा में ऐ ख़ुदा कोई दीवार भी नहीं ।
………………………………
#बृजेंद्र_सयाल का जन्म 1920 में गुजरांवाला जिले में हुआ था, जो अब पाकिस्तान में है। उन्होंने डिस्टिंक्शन के साथ मैट्रिक किया और पंजाब विश्वविद्यालय, लाहौर से फारसी में ऑनर्स के साथ स्नातक किया। वह 1941 में भारतीय सेना में शामिल हुए और 1975 तक सेना शिक्षा कोर से कैप्टन के रूप में सेवानिवृत्त हुए। सयाल साहब की हमेशा से उर्दू और फ़ारसी में रुचि रही है और उनकी कई कविताएँ विभिन्न पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। बृजेंद्र साहब से मेरी मुलाक़ात भी “आजकल” मैगज़ीन के माध्यम से हुई थी, 1993 में उस मैगज़ीन में मेरे पिता श्री सैयद मज़हरूल हक़ का एक अफ़साना #काफ़ूर_ओ_हिना” छपा था (यह अफ़साना मेरे जनम से पहले लिखा गया था लेकिन मुझे वोह 30 साल बाद पुराने बक्सों में मिला था, मैं ने अपने अब्बू को बताए बिना ही उसे साफ़ कर के आजकल में छपने लिए भेज दिया था), सयाल साहब ने उसे पढ़ कर मेरे पिता जी को ख़त लिखा था.. फिर जब मैं दिल्ली में जॉब करता था, मेरे पिता जी का वहाँ आना हुआ तो हम लोग सयाल साहब से मिलने उनके घर गए…
सयाल साहब को ग़ालिब से बे पनाह मोहब्बत थी और ग़ालिब का पूरा दीवान न सिर्फ़ उनको याद था बल्कि शायद ग़ालिब के अश’आर हक़ीक़त की तस्वीर बन कर उनके सामने आ जाते थे। उन्हें अक्सर पत्थर के टुकड़ों में ग़ालिब का कोई शेर नज़र आ जाता .. कभी वोह उन टुकड़ों को जोड़ कर ग़ालिब के शेर को ब्यान कर देते।पत्थर के यह टुकड़े ग़ालिब से उनकी मोहब्बत के जुनून पर गवाह हैं। सयाल साहब ने इन पत्थरों के नमूनों को इकट्ठा करने में जीवन बिताया है, बल्कि उन्हें इस सुंदरता से तराशा है कि वे ग़ालिब के सार को दर्शाते हैं।
मेरे वालिद चाहते थे कि दीवान ए ग़ालिब का एक ऐसा एडिशन छपे जिसमें एक पेज पर सयाल साहब के इन पत्थर से दर्शाए गए ग़ालिब के शेर की तस्वीर हो और दूसरे पेज पर ग़ालिब का शेर लिखा हो (ideally चाहते थे के सादिक़ैन की राइटिंग में हो, लेकिन सादिक़ैन का इंतक़ाल हो चुका था) इस काम के लिए मेरे वालिद ने रज़ा लाइब्रेरी रामपुर और publications division Delhi में बात चीत भी की थी..बाद में शायद publications division से दीवान ए ग़ालिब का एक इडिशन प्रकाशित हुआ था जिसमें 5 तस्वीरें सयाल साहब के इन पत्थर के टुकड़ों (पत्थर की कृतियाँ) की थी जिन्हें “मुरक़्क़’आत ए ग़ालिब” कहा जाता है और शायद तीन या चार paintings सादिक़ैन की बनाई हुई भी थीं..
सयाल के पास ऐसे 400 से अधिक टुकड़ों का संग्रह था, जिसमें से कोई 200-250 उन्हों ने ग़ालिब अकैडमी दिल्ली को दिया था जो अब भी वहाँ डिस्प्ले में रखे हैं।
मैं जब दिल्ली में जॉब करता था तो मेरा मिलना जुलना सयाल साहब से होता रहता था, तब वोह अपनी बेटी और दामाद के साथ गोल मार्केट के क़रीब रहते थे। (एक मुलाक़ात में उन्हों ने बताया था कि वोह #गुलशन_नंदा के जीजा हैं और गुलशन नंदा के जितने भी नॉवल्ज़ हिंदी और उर्दू में मिलते हैं उन्हें सयाल साहब ने ही पंजाबी से ट्रैन्स्लेट किया है)। सयाल साहब की बेटी (मुझे उनका नाम याद नहीं है, उनके पति बेदी साहब थे) भी पैंटिंग्स किया करती थीं और कुच्छ पैंटिंग्स उन्हों ने ग़ालिब के अश’आर पर भी बनाई थीं .. उसी समय बात चीत के दौरान मैं ने उनसे कहा था कि आप दोनो बाप बेटी के आर्ट का एक joint exhibition होना चाहिए और उस का नाम हो “ग़ालिब – रंग और संग के आईने में” (संग = पत्थर)।
चुगताई और सादिकैन जैसे कलाकारों ने ग़ालिब की शायरी को अपने चित्रों का विषय बनाया है और सयाल साहब ने पहली बार ग़ालिब को पत्थर के माध्यम से चित्रित किया है।
बृजेंद्र सयाल के इन पत्थर की कृतियों की तस्वीर अक्सर “आजकल” के पहले या आख़री पृष्ट पर छपा करती थी। दो तस्वीरें यहाँ साझा की जा रही हैं।
दर पे रहने को कहा और कह के कैसा फिर गया
जितने अरसे में मेरा लिपटा हुआ बिस्तर खुला
ग़म-ए-हस्ती का ‘असद’ किस से हो जुज़ मर्ग इलाज
शम्अ हर रंग में जलती है सहर होने तक





Leave a Reply